![]()
भिवानी,अभय ग्रेवाल
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार द्वारा जिले में हत्या एवं आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों की अनुपालना में थाना सदर पुलिस भिवानी ने इस मामले में ठोस कार्रवाई की है।
इस संबंध में राहुल निवासी फूलपुरा द्वारा थाना सदर पुलिस भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनांक 28.08. 2025 की रात को उन्हें एक फोन कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें कॉल करने वाले ने बताया कि उनके भाई रोहन को गांव चांग के कुछ लड़कों ने पकड़ रखा है और उसके साथ मारपीट की जा रही है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रोहन को छुड़वाकर घर ले आए। रोहन ने परिजनों को बताया कि आरोपियों द्वारा उसके साथ मारपीट करने के बाद उसकी वीडियो बनाई गई और उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इस घटना से मानसिक रूप से आहत होकर रोहन ने जहरीला पदार्थ पी लिया, जिसकी इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर थाना सदर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
दिनांक 19.01.2026 को अभियू में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना सदर भिवानी के अंतर्गत पुलिस चौकी गुजरानी मोड़ की महिला सहायक उप निरीक्षक सुदेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
1. मनदीप पुत्र सुशील, निवासी चांग
2. अजय पुत्र बलजीत, निवासी चांग
3. अंकित पुत्र हुक्मचंद, निवासी चांग
4. दीपक पुत्र नरेश कुमार, निवासी चांग
पुलिस टीम द्वारा सभी आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।