Loading

भिवानी

आदर्श महिला महाविद्यालय एलुमनी एसोसिएशन द्वारा 25 अप्रैल 2026 को महाविद्यालय परिसर में ‘सखी संगम : एलुमनी मीट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। ये जानकारी देते हुए एसोसिएशन की महासचिव डॉ. मोहिनी ने बताया कि ये एलुमनी मीट न केवल पूर्व छात्राओं के पुनर्मिलन का अवसर होगा, बल्कि यह कार्यक्रम पीढिय़ों को जोडऩे और भविष्य को प्रेरित करने का एक सशक्त मंच भी बनेगा।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महाविद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर चुकी छात्राओं को एक सूत्र में पिरोना, उनके अनुभवों को साझा करना तथा वर्तमान छात्राओं को मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान करना है।

महाविद्यालय की प्रबंधकारिणी समिति एवं प्राचार्या डॉ. अलका मित्तल के कुशल मागदर्शन एवं प्रयासों से ये आयोजन महाविद्यालय स्तर पर अपने आप में एक विराट और ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा।

जिसमें विभिन्न बैचों की पूर्व छात्राएँ, शिक्षिकाएँ, प्राचार्य, एलुमनी एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा महाविद्यालय परिवार के सदस्य एकत्रित होंगे। उन्होंने बताया कि एलुमनी मीट के लिए पंजीकरण की सुविधा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक पूर्व छात्राएँ सरलता के साथ कार्यक्रम से जुड़ सकें।

यह डिजिटल पहल आधुनिक समय के अनुरूप है और महाविद्यालय की प्रगतिशील सोच को दर्शाती है।
डॉ. मोहिनी ने बताया कि कार्यक्रम की थीम ‘पीढिय़ों को जोडऩा, भविष्य को प्रेरित करना’ रखी गई है, जो बात को रेखांकित करती है कि किस प्रकार पूर्व छात्राएँ अपनी उपलब्धियों, संघर्षों और सीख के माध्यम से वर्तमान छात्राओं को मार्गदर्शन दे सकती हैं।

एलुमनी मीट के दौरान विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रेरक संवाद, अनुभव साझा करने के मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और संवादात्मक गतिविधियाँ शामिल होंगी। इससे महाविद्यालय और उसकी छात्राओं के बीच भावनात्मक और बौद्धिक संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे। इस एलुमनी मीट का उद्देश्य महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुकी छात्राओं को फिर से अपनी जड़ों से जोडऩा है।

वे छात्राएँ, जो आज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुकी हैं—कहीं शिक्षक, कहीं अधिकारी, कहीं उद्यमी तो कहीं समाजसेवी बनकर—एक बार फिर उसी परिसर में लौटेंगी, जहाँ से उनके सपनों ने उड़ान भरी थी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जब वर्षों बाद सहेलियाँ एक-दूसरे से मिलेंगी, तो यादों का सैलाब उमड़ पड़ेगा—कभी परीक्षा की चिंता, कभी वार्षिक उत्सव की तैयारियाँ, कभी शिक्षक की सीख और कभी दोस्ती की शरारतें। एलुमनी मीट के माध्यम से यह सब पल फिर से जीवंत हो उठेंगे।

कई आँखें नम होंगी, तो कई चेहरों पर सुकून भरी मुस्कान होगी। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल बीते कल को याद करने का नहीं, बल्कि भविष्य को नई उम्मीदों और प्रेरणा के साथ संवारने का भी होगा। ‘सखी संगम : एलुमनी मीट 2026’ महाविद्यालय और पूर्व छात्राओं के बीच सेतु का कार्य करेगा।

यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि आदर्श महिला महाविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आजीवन संबंधों और सामाजिक उत्तरदायित्वों को भी महत्व देता है।