महम।
गांव खरकड़ा के पास से गुजर रहे नेशनल हाईवे 152डी के नजदीक आपसी कहासुनी में फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस वारदात में गांव खरकड़ा निवासी एक व्यक्ति गोली लग गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं इस दौरान दंपति की गाड़ी पर भी फायर किए गए हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। प्राथमिक जांच के अनुसार वारदात का कारण गाड़ियों का तेल चोरी करने को लेकर विवाद होना सामने आया है।
पुलिस की जांच के अनुसार गांव खरकड़ा से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 152डी के नजदीक एक ढाबा बना हुआ है। जहां चाय-पानी पीने के लिए लोग रुक जाते हैं। शनिवार को गांव खरकड़ा निवासी सुरेंद्र इस ढाबे पर गया हुआ था। वहीं चरखी दादरी जिले के गांव मांढ़ी निवासी दंपति बबीता व उनके पति अनिल वहां पर आए हुए थे। वे अपने ट्रक चालक को कागजात देने के लिए नजफगढ़ से आए थे। ये सभी 152डी के पास बने ढाबे पर ठहरे हुए थे।
तेल चोरी करने को लेकर हुआ विवाद
इसी दौरान गाड़ियों का तेल चोरी करने को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा की एक पक्ष के कुछ लोगों ने फायरिंग आरंभ कर दी। इसमें एक गोली गांव खरकड़ा निवासी सुरेंद्र को जा लगी और दूसरी गोली दंपति की गाड़ी के शीशे पर लग गई। हालांकि दंपति बाल-बाल बच गए। वहीं घायल सुरेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महम थाना के एसएचओ सत्यपाल ने बताया के फायरिंग की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। प्राथमिक जांच के अनुसार तेल चोरी करने को लेकर विवाद हुआ और 2 गोली चली हैं। इस वारदात में घायल सुरेंद्र के अभी बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। बयान दर्ज होने के बाद मामला स्पष्ट होगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।