![]()
हरियाणा में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने कंपकंपी छुटा दी है। दिन व रात दोनों ही टाइम का तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने आज रविवार को प्रदेश के 13 जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 9 जिलों में कोल्ड-डे की स्थिति रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे, दिल्ली-हिसार हाईवे और केएमपी एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पंचकूला, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और जींद में हल्का कोहरा छाया हुआ है।
इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहेगी। शीत हवाओं के कारण शनिवार को महेंद्रगढ़ में पारा गिरकर 3.0°C पर पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम है। हिसार में तापमान 5.2°C और नारनौल में 4.5°C रहा। अंबाला और चंडीगढ़ में दिन का तापमान 14.0°C दर्ज किया गया।
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 8 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है।
लेकिन 5 व 6 जनवरी को बीच बीच में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट आने की संभावना है।: डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि इस दौरान वातावरण में नमी होने से उत्तर व दक्षिणी हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर अलसुबह व देर रात्रि को गहरी धुंध व कोहरा रहने, लेकिन पश्चिमी हरियाणा में हल्की से मध्यम धुंध रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है और हवाओं में हल्का बदलाव रहने व हल्की से मध्यम गति से शीत हवाएं चलने की भी संभावना है।