Loading

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुढ़ापा पेंशन को लेकर कांग्रेस और इनेलो पर करारा हमला बोला। नूंह के तावड़ू की अनाज मंडी में ‘विकसित सोहना-तावड़ू विधानसभा रैली’ में भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि इनके राज में छह-छह महीने तक पेंशन भी नहीं मिलती थी। इनेलो राज में मात्र ₹200 और कांग्रेस के समय में मात्र ₹500 मिलते थे। बुजुर्गों का सम्मान भत्ता भाजपा ने बढ़ाने का काम किया है।

नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने 11 वर्षों के अंदर, बुजुर्गों का सम्मान भत्ता 2200 रुपए तक बढ़ाने का काम किया है। मुझे खुशी है, आज बुजुर्ग हमारे सम्मानित व्यक्ति हैं, इनका आशीर्वाद हमारे सिर के ऊपर रहता है। तावडू की सरदारी के बीच से हरियाणा प्रदेश के बुजुर्गों को इस बात के लिए आश्वस्त करता हूं कि आपके इस सम्मान के अंदर ये भारतीय जनता पार्टी कोई कमी नहीं छोड़ेगी और ना कमी रहने देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने बुजुर्गों को सम्मान देने के लिए जो काम किए हैं, ऐसे 70 साल के ऊपर के बुजुर्ग, चाहे वो कोई भी बुजुर्ग हैं, अगर उसको कोई बीमारी या कोई दिक्कत आ जाती है, उसको इलाज की चिंता नहीं है। उनके परिवार को भी नहीं है, उसके इलाज की चिंता नरेंद्र मोदी को है।