Loading

भिवानी की टीचर मनीषा की मौत को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सुसाइड माना है। यह जानकारी CBI स्पेशल क्राइम-II, नई दिल्ली की ओर से मनीषा के पिता संजय को 10 अगस्त को भेजे पत्र में जांच पूरी होने और अंतिम रिपोर्ट कोर्ट में पेश किए जाने की सूचना में दी गई है।

एजेंसी ने यह भी बताया कि जांच पूरी कर पंचकूला स्थित स्पेशल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, CBI की कोर्ट में मामले की क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है।

मनीषा के पिता संजय ने बताया कि वे चार्जशीट लेने कोर्ट आए थे। पता चला कि कोर्ट की ओर से 27 अगस्त की तारिख दी गई है। हालांकि अभी तक चार्जशीट की कॉपी उन्हें नहीं दी गई है। मौखिक तौर पर सुसाइड बताया गया है। 27 अगस्त को सभी तथ्य देखने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।

वैरागी सभा हरियाणा के प्रधान प्रधान शिव कुमार ने कहा कि कोर्ट ने डेट दी हुई थी आज 14 तारीख। इससे पहले संजय के पास 10 तारीख को सीबीआई की ओर से एक नोटिस मिलता है कि 12 तारीख को हम एक क्लोजर रिपोर्ट सबमिट कर रहे हैं, आपको इंटिमेशन के तौर पर यह नोटिस भेज रहे हैं। वो नोटिस भेजा, 14 की डेट लगी हुई थी। आज सारा परिवार यहां पर बैठा हुआ है और जब कोर्ट के अंदर गए तो वो कहते हैं- हमारे पास अभी पूरी चार्जशीट नहीं आई है। जब तक चार्जशीट नहीं आती तब तक हम आपको कुछ पेपर नहीं दे सकते।

आगे कहा कि अब हालात ऐसी हो गई है कि हर दिन लगता है कि भाई आज डिसीजन आएगा, आज डिसीजन आएगा, लेकिन डिसीजन तो पेंडिंग की तरफ लेके जाया जा रहा है। यदि जज साहब के पास पूरी चीज़ें नहीं थी तो इनको डेट पहले ही लगा दी जाती, पोस्टपोन कर दिया जाता। यहां आने के बाद बताया जाता है कि हमारे पास चार्जशीट कंप्लीट नहीं आई है और 27 तारीख को हम IO को बुलाएंगे, उस टाइम आप जो है अपना कोई एडवोकेट अच्छा-सा खड़ा कर लेना ताकि आपकी बहस हो सके। तो यह तरीका न्याय का नहीं है। मैं नहीं समझता कि इस तरीके से न्याय मिलेगा।

शिव कुमार ने आगे बताया कि कल मनीषा की श्रद्धांजलि सभा थी, काफी लोग वहां आए थे, कई सामाजिक संगठन भी जुटे हुए थे। हम सबने मिलकर वहां पर यही था कि आज रिपोर्ट आ जाएगी, इस रिपोर्ट को हम क्लोजर को पढ़ेंगे, अपने एडवोकेट से दिखाएंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे। बिना कागजों के हम असमर्थ हैं, हम कुछ कर नहीं पा रहे। कोर्ट के थ्रू जाएंगे या कोई सड़क की लड़ाई की आवश्यकता पड़ेगी।