![]()
भिवानी :
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए धीरज शर्मा बपोड़ा को भाजपा युवा मोर्चा, जिला भिवानी का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के मिलने पर धीरज शर्मा बपोड़ा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लिया है।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नवनियुक्त जिला अध्यक्ष धीरज शर्मा बपोड़ा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया तथा प्रदेश के पूर्व महामंत्री संदीप जोशी का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और शीर्ष नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे और पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर धीरज शर्मा बपोड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश का एकमात्र ऐसा सशक्त मंच है, जो सामान्य कार्यकर्ताओं और युवाओं को नेतृत्व करने तथा संगठन निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए गौरव के साथ-साथ एक बड़ा दायित्व भी है। मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जिले के प्रत्येक युवा तक पहुंचाना और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन की मुख्यधारा से जोडऩा रहेगी।
संगठनात्मक कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने आगे कहा कि वे भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक के मार्गदर्शन और प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करेंगे। वे युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर टीम भावना से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेंगे। नियुक्ति की घोषणा के बाद से ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है तथा उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अंत में उन्होंने पुन: सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया।