Loading

भिवानी

पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

पुलिस अधीक्षक भिवानी मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिला में हत्या जैसे संगीन अपराधों को अंजाम देने वाले आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हुए हैं। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए थाना बवानी खेड़ा पुलिस ने शुभम हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह साहिल पुत्र सुनील कुमार, निवासी गांव जमालपुर का रहने वाला है तथा ड्राइवरी का काम करता है। उसका 20 वर्षीय भाई शुभम दिनांक 01.11.2026 को रात करीब 09 बजे अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में बैठकर गया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसका भाई शुभम गाड़ी से नीचे उतरा तो वहां पहले से मौजूद युवकों ने उस पर लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान शुभम को गंभीर चोटें आईं। झगड़े के बाद उसके भाई को उपचार के लिए जमालपुर से हिसार के आधार अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर थाना बवानी खेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिवानी द्वारा पुलिस टीमों को आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना बवानी खेड़ा के प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुभम हत्याकांड में पांच आरोपियों को गांव जमालपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निम्नानुसार हुई है:

1. राहुल पुत्र रोहतास, निवासी जमालपुर।
2. नसीब पुत्र राजेश, निवासी जमालपुर।
3. पोनी उर्फ पवन पुत्र कुलदीप, निवासी जमालपुर।
4. रोहित पुत्र प्रेमनाथ, निवासी जमालपुर।
5. शनि पुत्र सूरज, निवासी जमालपुर।

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए उपरोक्त सभी आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा वारदात में अन्य साक्ष्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।