![]()
गुरुग्राम (जतिन /राजा )
समाजसेवा, परोपकार और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित मुंजाल परिवार ने आर्य वीर नेत्र चिकित्सालय में स्वर्गीय हर्ष मुंजाल की स्मृति में आधुनिक सभागार आमजन को समर्पित किया। यह पहल दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि के साथ समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति परिवार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

गुरुग्राम की महापौर राजरानी मल्होत्रा ने सभागार का उद्घाटन किया। उन्होंने मुंजाल परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी प्रियजन की स्मृति को समाजसेवा से जोड़ना एक सराहनीय कदम है। ऐसे प्रयास सामाजिक संस्थाओं को सशक्त बनाने और जनकल्याण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध उद्योगपति व मुंजाल शोवा के मैनेजिंग डायरेक्टर योगेश चंद्र मुंजाल ने कहा कि समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में मुंजाल परिवार का सहयोग निरंतर जारी रहेगा। परिवार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंदों के हित में योगदान देने के लिए सदैव तत्पर है।
स्वर्गीय हर्ष मुंजाल की स्मृति में सभागार समर्पित करना उनके प्रति प्रेम, सम्मान और श्रद्धा की भावपूर्ण अभिव्यक्ति है। यह पहल इस बात का संदेश देती है कि अपनों की स्मृतियों को सेवा और परोपकार के माध्यम से हमेशा जीवंत रखा जा सकता है।

संस्था के प्रधान भारत भूषण आर्य ने कहा कि स्वर्गीय हर्ष मुंजाल ने आर्य समाज के प्रचार-प्रसार और उसके सिद्धांतों के प्रति लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने हवन-यज्ञ की महत्ता और जीवन में उसकी उपयोगिता को जन-जन तक पहुंचाने के साथ लोगों को आर्य समाज से जुड़ने के लिए प्रेरित भी किया। उनके ये प्रयास आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके द्वारा किए गए धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया जाता रहेगा।
नीरज मुंजाल ने कहा, मां की स्मृति में यह पहल उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि।
मुंजाल परिवार के सुपुत्र नीरज मुंजाल ने कहा कि उनकी माता स्वर्गीय हर्ष मुंजाल की स्मृति में सभागार समर्पित करना उनके लिए भावनाओं और श्रद्धा से जुड़ा एक विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि मां की स्मृतियां जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होती हैं। उनकी याद में किया गया यह कार्य उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जो समाज के लोगों के जीवन में भी सकारात्मक योगदान देगा।नीरज मुंजाल ने कहा कि मुंजाल परिवार समाजसेवा और जनकल्याण की इस परंपरा को सदैव आगे बढ़ाता रहेगा तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। स्वर्गीय हर्ष मुंजाल की स्मृति में समर्पित यह सभागार सेवा, संवेदना और परोपकार का प्रतीक बनकर समाज को प्रेरित करता रहेगा।
