![]()
भिवानी
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल भिवानी में प्राचार्या डॉ. निर्मला नीतू के मार्गदर्शन में ‘ नवरात्रि एवं दशहरा महोत्सव’बड़े उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। दिल्ली वंडर वर्ल्ड स्कूल, भिवानी की प्राचार्या ज्योति वधवा ने
मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि के साथ समारोह का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण, रंग-बिरंगे परिधानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर हो उठा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रेरणादायक संदेश दिया। कक्षा 12वीं की छात्राओं रिदम व जिया ने सफलतापूर्वक मंच संचालन किया। कक्षा ग्यारहवीं के छात्र नितिन में अपने विचार में व्यक्त किए। कक्षा 11वीं के छात्र नितिन और कक्षा एल.के.जी. के छात्र सोमाय ने विजयदशमी पर्व पर प्रेरक कविताएं प्रस्तुत कर दर्शकों को अभिभूत कर दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा तीसरी की छात्राओं एलिना, लविषा , परीशा ,गर्वी, प्रांशी , खुशी ,कोनिका, समायरा ,खनक, दीपिका और गोपाल द्वारा ‘महिषासुर मर्दन’ पर आधारित लघु नाटिका रही। नन्हीं छात्राओं ने अपने प्रभावशाली अभिनय, भावपूर्ण संवादों और आत्मविश्वास से माँ दुर्गा की शक्ति एवं पराक्रम को जीवंत कर दिया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध करते हुए यह संदेश दिया कि सत्य और धर्म की सदैव विजय होती है।
नवरात्रि के उत्सव को और भी आकर्षक बनाते हुए विद्यालय में ‘इंटर-हाउस गरबा प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा, मनमोहक नृत्य मुद्राओं और शानदार तालमेल के साथ गरबा प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साह, सामूहिक सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखते ही बनती थी। वहीं, कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों अंकित ,अंश, मोक्ष, शुभम, रॉकी, लक्षिका, नंदिनी, लीज़ा , काव्या और भूमिका ने भी गरबा नृत्य की भव्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
दशहरा महोत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा विशेष नाट्य प्रस्तुतियाँ (स्किट) भी दीं गईं। कक्षा तीसरी के छात्र तेजस ,परीक्षित,ध्रुविका, जियांश ,परीक्षित , चार्वी और मीनल ने क्रमशः,श्री राम,लक्ष्मण,सीता जी,हनुमान,रावण, राजा दशरथ और माता कौशल्या का अभिनय करते हुए लघु रामलीला प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा चौथी एवं पाँचवीं के विद्यार्थियों मृत्युंजय, धैर्य, शौर्य ,देव शेखावत, राघव , युग, कुंज,अंतिम, निखिल, ट्विंकल ,नक्श और युवान ने दशहरे से संबंधित स्किट के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य की शक्ति और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। बच्चों के अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के प्रेरणादायक प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों को भारतीय महाकाव्यों, नैतिक मूल्यों और हमारी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निर्मला नीतू ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, टीम भावना और नैतिक मूल्यों का विकास करने के साथ-साथ उन्हें अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ते हैं।
नवरात्रि एवं दशहरा महोत्सव ने भक्ति, शक्ति, संस्कृति और संस्कारों का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए एक यादगार अनुभव प्रदान किया। समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों,शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय स्टाफ ने प्रसाद ग्रहण किया।