![]()
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से संबंधित सूची में मिली पहचान
भौतिक विज्ञान में शोध के दम पर हासिल की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि
भिवानी।
हरियाणा की प्रतिभाशाली बेटी श्रेया शर्मा ने अपनी असाधारण शैक्षणिक उपलब्धियों और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य से देश का गौरव बढ़ाया है। अक्टूबर 2026 में श्रेया का नाम विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल होने की उपलब्धि से जुड़ा है। यह उनके परिवार के साथ-साथ देश के लिए भी गर्व का विषय है।
श्रेया ने अपनी दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई विज्ञान संकाय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से भौतिक विज्ञान में ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने भौतिक विज्ञान में एमएससी करने के बाद इसी विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की। उनकी विशेष उपलब्धि यह रही कि उन्होंने पीएचडी निर्धारित न्यूनतम तीन वर्ष की अवधि में पूरी की।
पीएचडी पूरी करने के बाद श्रेया को यूरोप में पोस्टडॉक्टोरल अनुसंधान करने का अवसर मिला। उन्होंने वहाँ वैज्ञानिक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया और अपने शोध कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया। आज उनका नाम विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल होना उनकी मेहनत, लगन, प्रतिभा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिचायक है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से जुड़े विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों के डेटाबेस में स्थान पाना वैज्ञानिक जगत में उल्लेखनीय पहचान माना जाता है।
श्रेया की यह उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढक़र देश और समाज के लिए योगदान देना चाहते हैं। श्रेया की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों और उनसे जुड़े सभी लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है।