![]()
तोशाम,
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि खेल से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेलों से राष्ट्रीय एकता, सद्भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना भी प्रबल होती है। वे रविवार को गांव बुशान में स्थित चौ. खेमचंद खेल स्टेडियम में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पारितोषिक समारोह में खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान महंत पूर्ण नाथ महाराज का पावन सानिध्य रहा वहीं पूर्व जिला खेल अधिकारी जयसिंह कालीरामण ने अतिथियों को शॉल भेट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर सांसद ने शिव नरेश स्पोर्ट्स दिल्ली के सहयोग से पांच करोड़ रुपए की लागत से बने सिंथेटिक ट्रैक का उद्घाटन किया। उन्होंने चौ. खेमचंद खेल स्टेडियम की चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने गांव बुशान की अनुसुचित जाति की ढाणी में पीने के पानी के लिए वाटर कूलर व एक वाटर कूलर चौ. खेमचंद खेल स्टेडियम और स्टेडियम में सफाई के लिए मशीन देने की घोषणा भी की।
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि युवा वर्ग को खेलो मे बढ- चढक़र कर शिरकत करनी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक खेल मे रूचि रखनी चाहिए। यही स्वस्थ रहने का मूल मंत्र है। इसलिए खेलों को जीवन का एक अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आंचल में इस तरह की टूर्नामेंट करवाए जाने से गांवों की प्रतिभा को उभारने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि आज खेलों की बदौलत भिवानी जिला हर क्षेत्र में अव्वल है। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक ट्रैक पर नंगे पाव चलने से कई तरह की बीमारीयों से छूटकारा मिलता है।
सासंद ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की तरफ भी ध्यान देना होगा। कोरोना काल में सभी ने देखा है कि लोग ऑक्सीजन की कमी के कारण दम तोड़ रहे थे। इसलिए मानसून के मौसम में ज्यादा से ज्यादा पेड़ पौधे लगाएं। सांसद ने प्राकृतिक खेती को अपनाए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढावा देने के लिए किसानों को जागरूक होना होगा। प्राकृतिक खेती अपनाने और नशे से दूरी ही किसान और जवान को खुशहाल बनाएगी। सांसद ने किसानों से जहर मुक्त खेती अपनाने का आहवान किया। सांसद ने बताया कि 31 मार्च तक ससंदीय क्षेत्र के हर गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली पंहुचाने की कोशिश रहेगी ताकि हर गांव स्वच्छ रहे।
एक दिवसीय चतुर्थ आरके सिंह एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले खिलाडियों को ट्रैक सूट व मैडल पहनाकर सम्मानित किया। कोच जयसिंह कालीरामण ने बताया कि सिंथेटिक ट्रैक एक विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया खेल का मैदान है, जिसे पॉलीयुरेथेन और रबर के दानों से बनाया जाता है। यह धावकों को उत्कृष्ट ग्रिप (पकड़) प्रदान करता है, झटके सोखकर पैरों के जोड़ों को चोट से बचाता है और खिलाड़ियों को हर मौसम में अभ्यास करने में मदद करता है। कोच ने बताया कि आगे आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्र से नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के खिलाड़ी निकलकर आएंगे।
इस मौके पर सरपंच मेहर चंद,शिव प्रकाश, हनुमान भादू, विरेंद्र कुमार, चेतन शर्मा, प्रताप सिंह, राजू खरोलीया, चन्द्र सिहं, लेफ्टिनेंट अंकित, विजय, धर्मसिंह, भागल संडवा, पूनम, पूर्व सरपंच महान सिह, शीशराम नम्बरदार, रामसिंह नंबरदार, प्रधान नरेश, हैडमास्टर रोहतास, सत्यवान, मास्टर दिनेश, डॉ नरेश जांगडा, दुलीचद, अजय तक्षक, फकीर चन्द, जयबीर सिहं, प्रधान रामबीर, महताब सिंह, कोच पवन, गुणपाल एथलीट, महिपाल आर्य सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।