Loading

भिवानी:

भिवानी के चांग क्षेत्र में जमीन में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 3 करोड़ 43 लाख 50 हजार रूपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत और पुलिस जांच के बाद थाना सदर भिवानी में 5 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।
गुरुग्राम के सेक्टर-5 निवासी शिकायतकर्ता रोहताश कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि आरोपी राजकुमार जांगड़ा और जितेन्द्र सहारण प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और मेरा उनसे पुराना परिचय था। दोनों ने मुझे विश्वास दिलाया कि महम और भिवानी इलाके में उनका प्रॉपर्टी का बहुत बड़ा कारोबार है। उन्होंने मुझे चांग गांव में 35 किल्ला जमीन में से 20 किल्ला जमीन दिलाने का सौदा तय किया। मुझसे 17.15 लाख रुपये प्रति किल्ला की दर से कुल 3.43 करोड़ रुपये में 20 किल्ला जमीन हस्तांतरित करने का इकरारनामा (एग्रीमेंट) किया गया। इसके एवज में मैंने बैंक हस्तांतरण (आरटीजीएस) और नकद मिलाकर कुल 3 करोड़ 43 हजार 50 हजार रूपये दिए। पैसे लेने के बाद आरोपियों की नीयत खराब हो गई। उन्होंने भिवानी स्थित अपने पुराने निवास पर बुलाकर बहाने से मुझसे इकरारनामे की मूल प्रति वापस ले ली ताकि मेरे पास कोई लिखित सबूत न रहे। इसके बाद मुझे बिना बताए वह 20 किल्ला जमीन आरोपी जितेन्द्र सहारण की पत्नी स्नेहलता के नाम करवा ली।
शिकायकर्ता ने बताया कि जब मुझे अहसास हुआ कि मेरे साथ धोखाधड़ी हुई है और मैंने अपनी गाढ़ी कमाई के पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। अंतत: उन्होंने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया और फोन पर मुझे व मेरे परिवार को जान से मारने की गंभीर धमकियां दीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने आरोपियों को बैंक ट्रांसफर और कैश के जरिए अलग-अलग किस्तों में कुल 3.43 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सौंपी थी। जिसमें मई 2023 से फरवरी 2024 तक राजकुमार जांगड़ा को 74 लाख 50 हजार रूपये आरटीजीएस के माध्यम से, मई 2023 में जितेंद्र सहारण को एक करोड़ 20 लाख रूपये आरटीजीएस के माध्यम से तथा भिवानी के सैक्टर-23 व अन्य स्थानों पर एक करोड़ 49 लाख रूपये नकद भुगतान किया था।
पुलिस ने रोहताश कुमार की शिकायत पर भिवानी निवासी राजकुमार जांगड़ा, अनिता जांगड़ा, युवराज जांगड़ा व रोहतक निवासी जितेंद्र सहारण व स्नेहलता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायकर्ता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर उन्हे उनकी राशि दिलाकर न्याय दिलाया जाए तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसे भूमाफिया फिर किसी के साथ धोखाधड़ी ना कर सकें। शिकायकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी राजकुमार जांगड़ा भाजपा का ओबीसी मोर्चा का सदस्य रह चुका है तथा स्वयं को एक बड़े राजनेता का करीबी बताता है।