Loading

भिवानी।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गगनदीप कौर सिंह तथा सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने बुधवार को स्थानीय जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गगनदीप कौर सिंह ने जेल में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों एवं हवालातियों से बातचीत कर उनके मामलों में आ रही परेशानियों की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को उनकी समस्याओं के समाधान तथा उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में आवश्यक जानकारी दी।
उन्होंने जेल की बैरकों, कानूनी सहायता क्लीनिक और जेल अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके अलावा जेल की रसोई का दौरा कर तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने जेल अधिकारियों को भोजन तैयार करते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल परिसर में व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने तथा बंदियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। रक्तदान शिविर में जेल स्टाफ एवं अन्य संबंधित लोगों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर जेल स्टाफ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।