Loading

भिवानी में रविवार देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कुछ दिन पहले युवक का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इसके बाद इंस्टाग्राम पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई। रविवार रात समझौते के लिए बुलाकर युवक की गाड़ी पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से वार किए।

युवक को गंभीर हालत में हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हिसार में ही युवक का पोस्टमॉर्टम हुआ। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

मृतक की पहचान जमालपुर गांव निवासी शुभम (22) के रूप में हुई है। शुभम के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में उसका एक भाई और एक बहन है। भाई साहिल ने बताया कि उनके साथ का एक युवक हांसी गया हुआ था। वहां कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद विवाद इंस्टाग्राम तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई।

साहिल के मुताबिक, रविवार को समझौते को लेकर बातचीत भी हुई थी। रात को समझौते के लिए जाते समय उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया गया। मौके पर करीब 200 लोग मौजूद थे। हमलावरों के हाथों में तलवारें और अन्य हथियार थे। आरोपियों ने ही फोन करके समझौते के लिए उन्हें जमालपुर गांव में बुलाया था। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अस्पताल पहुंची है।

तोशाम के DSP दलीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। युवक की मौत हिसार के अस्पताल में हुई है। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।