![]()
ग्रीन हाइड्रोजन में हरियाणा-जापान साझेदारी से निर्यात और रोजगार को मिलेगा नया बूस्ट : योगेश मुंजाल।
स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में हरियाणा का ऐतिहासिक कदम, जापानी तकनीक से बढ़ेगा निवेश और नवाचार- योगेश मुंजाल।

गुरूग्राम (जतिन/राजा): जलवायु परिवर्तन और बढ़ती ऊर्जा जरूरतों के इस दौर में दुनिया स्वच्छ ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ रही है। इसी कड़ी में ग्रीन हाइड्रोजन भविष्य की ऊर्जा क्रांति का प्रतीक बनकर उभरा है। यह ईंधन न केवल प्रदूषण मुक्त है, बल्कि पारंपरिक जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता को भी कम करता है। इसी कड़ी में दुनिया भर में स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ते कदमों के बीच हरियाणा ने एक नई मिसाल कायम की है। राज्य सरकार ने जापान की अग्रणी कंपनियों के साथ ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में अहम समझौते कर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। सुप्रसिद्ध उद्योगपति व मुंजाल शोवा के मैनेजिंग डायरेक्टर योगेश चंद्र मुंजाल ने इन समझौतों को राज्य की औद्योगिक प्रगति और रोजगार सृजन के लिए सकारात्मक परिणाम लाने वाला कदम बताया है।
योगेश मुंजाल ने कहा कि हरियाणा सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जापान की कंपनी मित्सुई किन्ज़ोकू कंपोनेंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ ग्रीन हाइड्रोजन के शोध एवं विकास को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते से ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन को एक निश्चित दिशा मिलेगी, जापानी विशेषज्ञता से तकनीकी हस्तांतरण और नवाचार को बल मिलने के साथ ग्रीन एनर्जी में निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। यह पहल न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देगी, बल्कि हरियाणा को विश्व औद्योगिक मानचित्र पर एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करेगी। मुंजाल ने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन ऊर्जा उत्पादन का वह आधुनिक माध्यम है, जो न तो प्रदूषण फैलाता है और न ही कार्बन उत्सर्जन बढ़ाता है। यह ऊर्जा सौर और पवन शक्ति से प्राप्त बिजली की मदद से पानी के अणुओं से तैयार की जाती है। आने वाले वर्षों में यह ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु संरक्षण का सबसे बड़ा समाधान साबित होगी।
योगेश मुंजाल ने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन के रूप में एक नया वैकल्पिक अवसर सामने आएगा। यह बिजली संयंत्रों और परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की दिशा में बड़ा सुधार होगा, जो हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि यह निवेश राज्य की औद्योगिक संरचना को और अधिक सशक्त बनाएगा तथा रोजगार के हजारों अवसर पैदा करेगा।
गौरतलब होगा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हालिया जापान दौरे के दौरान जापानी कंपनियों ने 1185 करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए हैं। इनमें से रोहतक स्थित सेरेइन कंपनी का 220 करोड़ रुपये का मेगा प्रोजेक्ट भी शामिल है, जिससे लगभग 13 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इस साझेदारी से हरियाणा केवल औद्योगिक राज्य के रूप में नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के वैश्विक केंद्र के रूप में भी उभरने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
#Yogeshmunjal #Herogroup #Munjalshowa #Gurugramnews #Nayabsinghsaini #haryanagovt #jatinjournalist #indiajapan #Munjal family #MunjalGroup #Munjalfamily #automobileindustry #hero #maruti #marutisuzuki #honda