Loading

भिवानी:

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को ट्रैकसूट न दिए जाने के रोष स्वरूप इनसो की विश्वविद्यालय इकाई प्रधान सपना सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों व विद्यार्थियों ने वीरवार को सीबीएलयू कुलसचिव को मांगपत्र सौंपा तथा जल्द से जल्द सभी योग्य खिलाड़ियों को खेल किट व ट्रैकसूट उपलब्ध कराने की मांग की।

मांगपत्र सौंपते हुए इनसो विश्वविद्यालय इकाई प्रधान सपना सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ी विभिन्न इंटर-यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट्स और खेल प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हैं। खिलाड़ी दिन-रात मेहनत करके विश्वविद्यालय और जिले का नाम रोशन करते हैं, लेकिन अत्यंत खेद का विषय है कि अभी तक इन खिलाड़ियों
को जरूरी खेल किट व ट्रैकसूट उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि खेल किट व ट्रैकसूट न मिलने के कारण खिलाड़ियों को दैनिक प्रशिक्षण शिविरों, आधिकारिक खेल आयोजनों और विभिन्न स्तर की प्रतियोगिताओं के दौरान भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। खिलाड़ी देश और समाज का गौरव होते हैं। जब एक खिलाड़ी मैदान पर उतरता है, तो वह पूरी यूनिवर्सिटी की साख को आगे बढ़ाता है। ऐसे में उन्हें बुनियादी खेल सुविधाएं और किट न देना उनके मनोबल को तोड़ने जैसा है।

सपना सिंह ने कहा कि इनसो हमेशा छात्र और खिलाड़ी हितों के लिए संघर्ष करती रही है। हम विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग करते हैं कि खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले सभी पात्र खिलाड़ियों को तुरंत प्रभाव से खेल किट व ट्रैकसूट उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो इनसो खिलाड़ियों के हक के लिए आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।

इस अवसर पर जयदीप ग्रेवाल, विशेंद्र गोयत, अमित बामला, राखी, साक्षी सहित अन्य पदाधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे