Loading

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भिवानी के गांव चांग हवाई पट्टी पर 31 करोड़ रुपए की लागत से चौ. बंसीलाल सिविल एयरोडम पर नवनिर्मित हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी भवन), सुरक्षा चौकी व कैंटीन के उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम सैनी ने कहा कि सिविल एरिशन के क्षेत्र में हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है तथा विमानन मानचित्र पर ऊंचाईयां प्रदान कर रहा है। भिवानी हवाई पट्टी पर बने इस हैंगर व एयर ट्रैफिक कंट्रोल भवन से हैलीकॉप्टर व जहाजों का यहां से सुरक्षित संचालन किया जा सकेगा। इसके साथ ही जहाजों के रख-रखावों का कार्य भी आसान होगा।

उद्घाटन के उपरांत मुख्यमंत्री ने बताया कि भिवानी के चौ. बंसीलाल एरोड्रोम पर 120 पॉयलेटों ने ट्रेनिंग पूरी की है। उनको वे शुभकामनाएं देते है। हरियाणा प्रदेश हवाई कनेक्टीविटी के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर तेजी से आगे कदम बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़, जयपुर व अयोध्या के लिए सीधी हवाई जहाज सेवा शुरू की थी। अब इसे विस्तार रूप देकर हिसार एयरपोर्ट से जम्मू, अहमदाबाद तथा दिल्ली के लिए विमानन सेवा शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट के विकास के लिए पैसेजेंटर टरमिनल व कारगो टर्मिनल का कार्य तेजी से चालू किया गया है। उसे 2027 तक पूरा कर इसे एक विकसित हवाई अड्डे के रूप में तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भिवानी के हवाई पट्टी पर फलाईट ट्रेनिंग का कार्य आने वाले समय में और भी गति पकड़ेगा तथा बेहतर पायलेट यहां से तैयार होंगे। जिससे हरियाणा व भारत का नाम एविएशन क्षेत्र में मजबूत होगा।

वहीं मुख्यमंत्री ने भारत में बनकर तैयार होने वाले शत्रुजीत हैलीकॉप्टर की सीट पर बैठकर उसका निरीक्षण किया। इस मौके पर कर्नल रामपाल सुहाग ने बताया कि इन विमानों की एसेबलिंग व कुछ कलपुर्जो का निर्माण अब भारत में ही होगा। एयरफोर्स, आईटीबीपी सहित विभिन्न सेनाओं ने 1400 के लगभग इन हैलीकॉप्टरों की मांग उनसे की है। इस मौके पर सांसद धर्मबीर सिंह, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि भी मौजूद रहे।