![]()
भिवानी
भिवानी शहर के पहाड़ी माता मंदिर से कथित सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। हालांकि इसकी जांच अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) द्वारा की जा रही है। यह मामला मंदिर के पूर्व कर्मचारी के घर सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान मिलने के बाद तुल पकड़ा है।
पहाड़ी निवासी नरेश ने बताया कि उसने मामला पता लगने के बाद शिकायत दी। वहीं शिकायत देने के बाद उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। शिकायतकर्ता नरेश कुमार ने कहा कि पहाड़ी माता मंदिर का संचालन वर्ष 2009 से प्रशासन के पास है। वहीं प्रशासन हीं इसकी देखरेख कर रहा है। वहीं मंदिर के एक कर्मचारी को करीब तीन-चार माह पहले हटाया गया था। जिसके घर से पुलिस ने दबिश करके सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान बरामद किया है।
पहाड़ी माता मंदिर में कथित आभूषण चोरी प्रकरण से जुड़े मामले की सुनवाई एडीसी कर रहे हैं। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता नरेश पहाड़ी तथा पहाड़ी माता ट्रस्ट के खजांची प्यारेलाल उपस्थित हुए थे, जिनके बयान दर्ज किए गए। हालांकि दूसरे पक्ष के उपस्थित नहीं होने के कारण मामले की अगली सुनवाई अब 30 जून को निर्धारित की गई है।
अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय द्वारा 22 जून को जारी पत्र के माध्यम से मंदिर से जुड़े पक्षों को कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय पर शिकायतकर्ता पक्ष कार्यालय पहुंचा और अपने बयान दर्ज करवाए।
शिकायतकर्ता नरेश कुमार पहाड़ी ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण को उठाने के बाद उन पर मामले को दबाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ लोग फोन कॉल और व्यक्तिगत मुलाकातों के माध्यम से उन्हें मामले से पीछे हटने के लिए कह रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है तथा उनकी जान को खतरा हो सकता है। यह मामला पहाड़ी माता मंदिर से जुड़ा हुआ है, जिससे लाखों लोगों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की।