Loading

गुरुग्राम (जतिन/राजा )

भीषण गर्मी के बीच आमजन और पुलिस कर्मियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कैपेरो ग्रुप ने अपने सामाजिक दायित्व के तहत गुरुग्राम पुलिस लाइन स्थित महावीर पार्क में एक आधुनिक वॉटर कूलर भेंट किया। इस पहल से प्रतिदिन पार्क में आने वाले नागरिकों, राहगीरों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर कैपेरो मारुति के सीईओ व सीआईआई हरियाणा कॉन्सिल के वरिष्ट सदस्य विनोद बापना ने कहा कि जल केवल जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है। कैपेरो ग्रुप हमेशा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देता आया है और भविष्य में भी जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

विनोद बापना ने कहा कि उद्योगों की सफलता तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह वॉटर कूलर गर्मी के मौसम में हजारों लोगों की प्यास बुझाने के साथ-साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगा।

इस दौरान अंशु सिंगला डीसीपी हेड क्वार्टर गुड़गांव व एसीपी मुकेश कुमार ने कैपेरो ग्रुप के इस जनहितकारी योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज और पुलिस के बीच सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि महावीर पार्क में आने वाले नागरिकों एवं पुलिस कर्मियों को इस वॉटर कूलर से बड़ी सुविधा मिलेगी। दोनों पुलिस अधिकारियों ने कैपेरो ग्रुप, विशेष रूप से सीईओ विनोद बापना, का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योग जगत की ऐसी सामाजिक भागीदारी अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है और इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।