![]()
भिवानी
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के द्वारा जिले में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों एवं विशेष पुलिस टीमों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने तेल चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 27.07.2026 को अंकुर गोयल, मैनेजर, महावीर आयल एंड जनरल मिल, गंगानगर (राजस्थान) ने शिकायत दी कि गांव चल चांग से सरसों का तेल लेकर निकला टैंकर चालक निर्धारित स्थान पर न पहुंचकर रास्ते में अपने साथियों के साथ मिलकर गाड़ी को पलटा दिया और तेल चोरी कर लिया गया। शिकायत पर थाना सदर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान यह मामला सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी को सौंपा गया। अनुसंधान के दौरान सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के एएसआई प्रदीप कुमार ने अपनी टीम के साथ अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की विवरण इस प्रकार है:
दिनांक 29.07.2026 को आरोपी अजय पुत्र दलबीर, निवासी इंदिरा कॉलोनी, गांव चांग, जिला भिवानी तथा अमित पुत्र दलबीर, निवासी इंदिरा कॉलोनी, गांव चांग, जिला भिवानी को गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 30.07.2026 को आरोपी रामअवतार पुत्र शीशपाल, निवासी, जिला चरखी दादरी को गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 31.07.2026 को आरोपी धर्मवीर पुत्र नफे सिंह, निवासी मसूदपुर, जिला हांसी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ एवं आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने चोरी में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर, तेल का टैंकर तथा चोरी किया गया सरसों का तेल बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से टैंकर से सरसों का तेल चोरी कर उसे अन्य स्थान पर बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए तेल की बरामदगी कर मामले में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भिवानी भेज दिया गया।