![]()
भिवानी।
डीसी साहिल गुप्ता ने जिला के नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा है कि नौ अगस्त से पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान शुरु हो चुका है, जो 17 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान अधिक से अधिक जिलावासी, विशेषकर युवा वर्ग तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर हरघरतिरंगाडोटकॉम पोर्टल पर अपलोड कर इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि जिला भिवानी अव्वल स्थान पर आए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना के साथ अभियान में भाग लेना चाहिए। जिला खेल अधिकारी कार्यालय सहित विभिन्न जगहों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां युवा सेल्फी ले सकते हैं।
डीसी श्री गुप्ता ने शिक्षा विभाग व उच्चतर शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों और युवाओं को विशेष रूप से अभियान से जोड़ा जाए। शिक्षण संस्थाओं में हर घर तिरंगा अभियान की प्रतियोगिताएं करवाई जाएं और युवाओं को तिरंगे के महत्व के बारे में बताया जाए।
डीसी ने महिला एवं बाल विकास विभाग, खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग, संस्कृति विभाग, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, नगर परिषद, पंचायती राज विभाग, नेहरू युवा केंद्र, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा एनसीसी से जुड़े अधिकारियों को भी अपने-अपने स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा है कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करें तथा इनमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
डीसी ने इस अभियान के दौरान डीएमसी व नगर निकाय को शहर में तिरंगा लाइटिंग व सार्वजनिक स्थानों की सजावट के निर्देश दिए हैं। डीडीपीओ/बीडीपीओ ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान की गतिविधियां आयोजित कर ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। डीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों द्वारा आयोजित करवाए जाने वाले कार्यक्रमों को हरघरतिरंगाडोटकॉम पोर्टल पर जरूर अपलोड करें।