Loading

भिवानी:

एनएसयूआई भिवानी के पूर्व जिलाध्यक्ष मनजीत लांग्यान को पद से हटाए जाने का विवाद अब गहराता जा रहा है। इस कार्रवाई के विरोध में हरियाणा प्रदेश चमार संघर्ष समिति, संत शिरोमणि गुरु रविदास जन कल्याण समिति एवं सर्व एससी समाज के प्रतिनिधियों ने भिवानी में एक संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित कर अनिरुद्ध चौधरी के खिलाफ कड़ा असंतोष व्यक्त किया।

समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल एक कार्यकर्ता का नहीं, बल्कि पूरे अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, नेतृत्व और समान अवसर का विषय है। पत्रकार वार्ता के दौरान लांग्यान ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ यह कदम राजनीतिक दबाव और मानसिक प्रताडऩा के तहत उठाया गया है।

मनजीत लांग्यान ने आरोप लगाया कि उन्हे पद से हटाने के लिए अनिरूद्ध चौधरी ने ना तो कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व व ना ही स्थानीय कांग्रेस नेताओं से सलाह ली। ऐसे में यह प्रतीत होता है कि अनिरूद्ध चौधरी के मन में एससी समाज के लोगों के प्रति जहर भरा हुआ है तथा वे समाज के लोगों को आगे बढ़ते नहीं देख सकते।

इस मौके पर सर्व एससी समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध कांग्रेस पार्टी या उसकी विचारधारा से नहीं है। समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि यदि इन आरोपों में सत्यता है, तो यह गंभीर सामाजिक और संगठनात्मक अन्याय का मामला है।

ऐसे में अनिरूद्ध चौधरी पर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व कड़ी कार्रवाई करे। चमार सभा के प्रदेश प्रवकता राजेश चौधरी, रविदास सभा से धर्मबीर व एससी समाज के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि कांग्रेस की सामाजिक न्याय, संविधान और समानता की विचारधारा में हमारा विश्वास है, लेकिन कांग्रेस की विचारधारा के नाम पर जमीन पर काम करने वाले एससी कार्यकर्ताओं की अनदेखी, अपमान या उनके नेतृत्व को कमजोर करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कह्यहा कि राहुल गांधी और दीपेंद्र सिंह हुड्डा वंचित वर्गों को साथ लेकर चलने की बात करते हैं, ऐसे में स्थानीय स्तर पर हुए इस अन्याय को शीर्ष नेतृत्व के सामने रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि एससी समाज ने निर्णय लिया है कि पूरे प्रकरण से जुड़े दस्तावेज और शिकायत को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और प्रदेश नेतृत्व के समक्ष भेजा जाएगा। मामले में आगे की रूपरेखा तय करने के लिए 11 अगस्त को खरक गांव स्थित रविदास भवन में एससी समाज की बैठक बुलाई गई है। इसके बाद भिवानी जिला स्तर पर भी एक बड़ी बैठक आयोजित कर लोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीके से आगामी निर्णय लिए जाएंगे।