![]()
भिवानी :
जिला के गांव तिगड़ाना स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम इस समय भारी जलभराव की वजह से पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। अगले महीने भिवानी में आयोजित होने वाली आमी भर्ती रैली के लिए तैयारी कर रहे सैकड़ों युवाओं के भविष्य पर इसके चलते अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। जलभराव के कारण स्टेडियम के रनिंग ट्रैक और प्रैक्टिस एरिया तालाब में तब्दील हो चुके हैं, जिससे खिलाडिय़ों व सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं का अभ्यास पूरी तरह ठप पड़ा है। ग्रामीणों और युवाओं में खेल विभाग की नाकामी और अनदेखी को लेकर भारी रोष है। इस बारे में ग्रामीण नवीन तंवर, विजयंत सहित अन्य ग्रामीणों व युवाओं ने बताया कि तिगड़ाना और आसपास के दर्जनों गांवों से रोजाना सैकड़ों युवा तडक़े इस स्टेडियम में दौड़ और फिजिकल प्रैक्टिस के लिए पहुंचते हैं।
अगले महीने होने वाली भर्ती रैली में केवल कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन ग्राउंड पर घुटनों तक पानी भरा होने के कारण युवा दौडऩे तो दूर, स्टेडियम के भीतर कदम तक नहीं रख पा रहे हैं। युवाओं का कहना है कि भर्ती की तैयारी के लिए यह समय उनके लिए बेहद कीमती है। एक-एक दिन की प्रैक्टिस उनके चयन के लिए निर्णायक होती है, ऐसे में स्टेडियम में पानी भरे रहने से उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि अगले महीने भिवानी में सेना की भर्ती है। युवा रात-दिन पसीना बहाकर तैयारी कर रहे थे, लेकिन अब पूरे स्टेडियम में पानी भरा हुआ है। न कोई पानी निकालने की व्यवस्था है और न ही प्रशासन हमारी सुन रहा है। अगर समय पर प्रैक्टिस नहीं हुई तो हमारी सालों की मेहनत बेकार चली जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां हल्की सी बारिश या जलभराव होते ही ग्राउंड तालाब बन जाता है। खेल विभाग पूरी तरह से फेल साबित हो चुका है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण हमारे बच्चों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि स्टेडियम में भरे पानी को बाहर निकाला जाए, रनिंग ट्रैक को सुखाकर युवाओं के अभ्यास के लायक बनाया जाए, भविष्य के लिए स्थाई जल निकासी की व्यवस्था की जाए। यदि प्रशासन ने जल्द से जल्द पानी निकासी का काम शुरू नहीं कराया, तो युवा और ग्रामीण खेल विभाग के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।