![]()
हरियाणा के हिसार में लिव-इन में रह रही प्रेमिका का गर्भपात करवाने और नवजात को ठिकाने लगाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लिव-इन कपल को गिरफ्तार करने के बाद अब हिसार पुलिस ने उस महिला को भी दबोच लिया है, जिसने युवती को गर्भपात की दवाई दी थी।
आरोपी महिला गोहाना में ‘कृष्णा क्लिनिक’ नाम से अवैध क्लिनिक चला रही थी। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब पुलिस ने हिसार के ऋषि नगर और सेक्टर-14 क्षेत्र से भ्रूण फेंकने की कोशिश करते हुए आरोपी प्रेमी अनिल कुमार (29) निवासी गांव नियाणा को पकड़ लिया था।
अनिल और उसकी प्रेमिका पिछले 7 साल से हिसार में लिव-इन में रह रहे थे। प्रेमिका के गर्भवती होने पर लोकलाज और सामाजिक बदनामी के डर से दोनों ने गर्भपात कराने की साजिश रची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रेमी और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया था।
आठ जुलाई 2026 को हिसार में सेक्टर-14 पार्ट-2 क्षेत्र में गश्त कर रही ईआरवी टीम ने एक युवक को नवजात भ्रूण के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, ईआरवी में तैनात एसएसआई सोमबीर और एलएससी सुमन को सूचना मिली थी कि श्मशान घाट रोड पर एक संदिग्ध युवक पॉलीथिन लिए घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पॉलीथिन से एक भ्रूण बरामद हुआ। पूछताछ में युवक अपना नाम गांव नियाणा निवासी अनिल कुमार बताया।
भ्रूण बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। वहीं, मौके पर सीन ऑफ क्राइम (SOC) टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक तरीके से भी जांच की थी।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने प्रेमी और प्रेमिका से कड़ाई से पूछताछ की, तो इस पूरे नेटवर्क की कड़ी गोहाना से जुड़ी। प्रेमी जोड़े ने गोहाना के बड़ौदा रोड स्थित कृष्णा क्लिनिक से संपर्क किया था। क्लिनिक चलाने वाली महिला ने बिना किसी मान्य डॉक्टरी डिग्री, मेडिकल जांच या कानूनी प्रक्रिया के पैसों के लालच में युवती को गर्भपात की हैवी डोज दवाइयां दी थीं। दवाइयों के असर से युवती को समय से पहले तेज दर्द उठा और उसका गर्भपात हो गया। इसी भ्रूण को झाड़ियों, श्मशान घाट के पास फेंकने की साजिश रची गई।
हिसार पुलिस की विशेष टीम ने गोहाना स्थित क्लिनिक पर छापेमारी कर महिला को गिरफ्तार किया। महिला की पहचान गीता पत्नी भूषण, निवासी नीलम सिनेमा के पास, बड़ौदा रोड, सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सीधे जेल भेज दिया गया है।