![]()
भिवानी :
कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों और मजदूरों की आवाज उठाती रही है और गांव प्रेमनगर के ग्रामीणों का चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय पर जारी धरना पूरी तरह से न्यायसंगत है। कांग्रेस इस संघर्ष में ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। यह बात कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने शुक्रवार को गांव प्रेमनगर में चल रहे धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही।
धरना स्थल पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कांग्रेस शहरी जिला प्रधान प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि यह अत्यंत शर्मनाक बात है कि गांव प्रेमनगर की पंचायत द्वारा विश्वविद्यालय के लिए 131 एकड़ जमीन नि:शुल्क हरियाणा सरकार को दी गई थी। इसके बावजूद आज ग्रामवासियों व स्थानीय युवाओं को विश्वविद्यालय की नौकरियों में आरक्षण नहीं दिया जा रहा।
अपनी जायज मांगों को लेकर ग्रामवासी पिछले 6 वर्षों से धरने पर बैठने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात कर ग्रामीणों की सभी मांगों से उन्हें अवगत करवाएंगे, ताकि इस जनहित के मुद्दे को हरियाणा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जा सके और सरकार को जवाबदेह बनाया जा सके। कार्यक्रम में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवकुमार चांगिया ने कहा कि हरियाणा सरकार को तुरंत गांव प्रेमनगर के ग्रामीणों की जायज मांगों को पूरा करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस हक की लड़ाई और संघर्ष में हमेशा ग्रामीणों के साथ खड़ी है।
धरने की अध्यक्षता कैप्टन कलम सिंह ने की। इस अवसर पर ग्रामीणों और स्थानीय नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए मांगों के पूरा होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जयवीर सिंह बरवर, अमित, साहिल, बलवान पंच, रणधीर सिंह, वजीर सिंह, आजाद सिंह ढांडा, योगेन्द्र मोंटी, रवि शर्मा, राजेश बूरा, धर्मबीर, सुखबीर, रामकुंवार, राजकुमार कोच, मास्टर धर्मबीर, जगपाल प्रधान, बलवान मास्टर, सरूप, राजपाल, मनोज, हरिपाल, रामफल इंस्पेक्टर, बलबीर ड्राइवर, सुखबीर, छात्र नेता प्रवीण बूरा, जोगेन्द्र, राजेन्द्र बूरा सहित काफी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।