![]()
कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान (23) की प्राइमरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम में सुसाइड की बात सामने आई है। मुस्कान की बॉडी पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
मंगलवार को मुस्कान के गांव फरमाना में पंचायत हुई। यहां फैसला लिया गया कि मुस्कान की तेरहवीं (10 अगस्त) रस्म तक शीलू और उसके भाई मनीष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। इसके बाद पुलिस ने शीलू, भाई मनीष और पिता सुरेंद्र को रिलीज कर दिया।
इससे पहले रविवार रात हुई दोनों गांव की पंचायत में शीलू के पिता सुरेंद्र बल्हारा को मुस्कान की तेरहवीं तक रियायत दी गई थी। बहु अकबरपुर पुलिस ने शनिवार को मुस्कान के अंतिम संस्कार के बाद शीलू सहित उसके भाई और पिता को हिरासत में लिया था। इसके बाद से ही दोनों गांव की पंचायतों का दौर जारी रहा। श्मशान घाट में शीलू और उसके ससुर सुखबीर में बहस भी हुई थी।
महम DSP तनुज शर्मा ने बताया कि मुस्कान की प्राइमरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। इसमें सुसाइड (फांसी लगाने) से मौत की बात सामने आई है। वहीं मुस्कान के शरीर पर चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अब इसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। अब पुलिस केस में सुसाइड के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ा सकती है। हालांकि अभी यह सामने नहीं आया है कि पुलिस इस केस में शीलू के परिवार की भूमिका को किस तरह देख रही है।