![]()
भिवानी:
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का गौरव बढ़ाते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाली अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर साक्षी चौधरी एवं प्रिया घणघस के भिवानी आगमन पर समाजसेवी एवं पूर्व छात्र नेता उमेश भारद्वाज के कार्यालय में वीरवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर दोनों खिलाडिय़ों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया तथा उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे जिले की ओर से शुभकामनाएं एवं सम्मान व्यक्त किया गया। इस दौरान समाजसेवी एवं पूर्व छात्र नेता उमेश भारद्वाज ने दोनों बेटियों को नोटों की माला तथा एनएसयूआई छात्र नेता मनजीत लांग्यान ने पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इसके उपरांत पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया। पत्रकार वार्ता के दौरान दोनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाडिय़ों साक्षी चौधरी एवं प्रिया घणघस ने अपने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के अनुभव साझा किए तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए और अधिक पदक जीतना है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए साक्षी चौधरी ने कहा कि कोई भी सफलता रातों-रात नहीं मिलती। इसके पीछे वर्षों का अनुशासन, कठिन परिश्रम, परिवार का सहयोग और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज़्बा होता है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को मोबाइल और नशे की लत से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक सोच को अपनाना चाहिए। यदि युवा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें तो विश्व के किसी भी मंच पर भारत का तिरंगा बुलंद कर सकते हैं। वही प्रिया घणघस ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का सबसे सशक्त माध्यम है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें।
इस मौके पर समाजसेवी एवं पूर्व छात्र नेता उमेश भारद्वाज ने कहा कि हरियाणा की बेटियां आज पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन कर रही हैं। यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार खिलाड़ी मैदान में पसीना बहाकर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतते हैं, उसी प्रकार युवाओं को भी अपने जीवन में अनुशासन और मेहनत को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व की कांग्रेस सरकार में पदक विजेता खिलाडिय़ों को भारी-भरकम सम्मान राशि व उच्च पदों पर आसीन किया जाता था, लेकिन भाजपा सरकार में वे सुविधाएं खिलाडिय़ों ने छीनकर उनका हक मारा जा रहा है। उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा कि हर युवा को खेल के मैदान तक पहुँचाने का प्रयास किया जाए, क्योंकि खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं बल्कि युवाओं को नशे, अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखते हैं।
एनएसयूआई छात्र नेता मंजीत लांग्यान ने कहा कि आज देश के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और बेरोजग़ारी है। ऐसे समय में साक्षी चौधरी और प्रिया घणघस जैसी बेटियां युवाओं के लिए जीवंत प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा खेल, शिक्षा और सामाजिक कार्यों से जुड़ेंगे तो वे स्वयं भी आगे बढ़ेंगे और समाज को भी नई दिशा देंगे।
उन्होंने कहा कि एनएसयूआई हमेशा छात्रों और युवाओं को शिक्षा, खेल, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त भारत के अभियान से जोडऩे के लिए कार्य करती रहेगी। मंजीत ने कहा कि हर कॉलेज, हर गांव और हर शहर में खेलों का माहौल बनना चाहिए ताकि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएं। उन्होंने सरकार से भी खेल सुविधाओं का विस्तार करने तथा प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को हरसंभव सहयोग देने की मांग की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दोनों खिलाडिय़ों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और युवाओं से खेलों को अपनाकर स्वस्थ, शिक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।