![]()
गुरुग्राम ,जतिन राजा
हरियाणा सरकार द्वारा औद्योगिक इकाइयों में प्रतिदिन पांच मिनट का ‘वॉई-ब्रेक’ शुरू करने की पहल का स्वागत करते हुए कैपारो मारुति के सीईओ एवं हरियाणा सरकार की उद्योग-श्रमिक मैत्री परिषद के वरिष्ठ सदस्य विनोद बापना ने कहा कि कार्यस्थल पर छोटे स्वास्थ्य विराम और योगाभ्यास की व्यवस्था श्रमिकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ औद्योगिक उत्पादकता को भी मजबूत कर सकती है।
विनोद बापना ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारी और श्रमिक लंबे समय तक लगातार कार्य करते हैं। ऐसे में कुछ मिनट का योग, हल्के व्यायाम और श्वास अभ्यास उन्हें थकान और तनाव से राहत देने के साथ नई ऊर्जा प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि योग को केवल स्वास्थ्य गतिविधि न मानकर इसे स्वस्थ और सकारात्मक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान कर्मचारी किसी भी उद्योग की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। नियमित स्वास्थ्य विराम से कर्मचारियों की एकाग्रता, कार्यक्षमता और मनोबल में सुधार हो सकता है तथा इसका सकारात्मक असर उत्पादन की गुणवत्ता पर भी पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की यह पहल ‘स्वस्थ श्रमिक, मजबूत उद्योग’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। औद्योगिक संस्थानों को भी इस पहल को सकारात्मक रूप से अपनाते हुए योग, स्वास्थ्य जागरूकता और शारीरिक सक्रियता को अपनी नियमित कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना चाहिए।