Loading

NEET पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर 5 घंटे प्रदर्शन किया।

CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 5 दिन के अंदर इस्तीफा दें नहीं तो अगले शनिवार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।

अभिजीत के साथ शनिवार को हजारों प्रदर्शनकारी विरोध में शामिल हुए। जिसमें ज्यादातर स्टूडेंट और युवा हैं। कुछ बुजुर्ग और माता-पिता भी अपने बच्चों के साथ विरोध करने आए।

अभिजीत शनिवार सुबह ही अमेरिका से दिल्ली लौटे थे। वे एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचे।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी ने सुबह 10 बजे प्रदर्शन शुरू किया था। यह प्रदर्शन करीब 5 घंटे चला। दोपहर 3 बजे अभिजीत और सोनम वांगचुक रवाना हो गए। इसी के साथ धीरे-धीरे प्रदर्शन वाली जगह भी खाली होने लगी।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रदर्शन के समर्थकों और विरोधियों के बीच तनाव हो सकता है। इसी के चलते कुछ लोगों को एहतियाती हिरासत में लिया गया।