Loading

गुरूग्राम (जतिन /राजा )

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुरूग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश में एक पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन व्यवस्था स्थापित की है। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है।

यह बात उन्होंने गुरूग्राम के सेक्टर-17 स्थित ब्लिस प्रीमियर गार्डन में आयोजित एक विशेष सम्मेलन के दौरान कही। इस कार्यक्रम में उद्योग, शिक्षा, खेल, सामाजिक और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों ने शिरकत की और देश के विकास कार्यों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, एआई एंटरप्रेन्योर्स, शिक्षाविदों व बुद्धिजीवियों ने भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की।
इस मौके पर सीआईआई हरियाणा काउंसिल के वरिष्ठ सदस्य एवं कैपारो मारुति लिमिटेड के सीईओ विनोद बापना ने प्रधानमंत्री मोदी के आर्थिक विजन की जमकर सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय औद्योगिक जगत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है और अभूतपूर्व तरक्की की है।

सरकार की नीतियों ने देश में व्यापार को सुगम बनाया है, जिससे भारतीय उद्योग वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि देश में आधारभूत ढांचे का जो विस्तार हुआ है, वह अद्वितीय है। डिजिटल क्रांति, टैक्स प्रणाली का सरलीकरण, जीएसटी व्यवस्था और कानूनी प्रक्रियाओं में सुधार से समाज के हर वर्ग को न्याय सुलभ हुआ है। विनोद बापना ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व और देशवासियों के सहयोग से भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में सबसे मजबूत पहचान स्थापित करेगा और विकसित भारत का संकल्प पूरी तरह साकार होगा।