![]()
सोनीपत में सावन और तीज के सीजन में बाजारों में घेवर की बढ़ती बिक्री के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने वीरवार को गोहाना रोड और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे विभिन्न घेवर विक्रेताओं एवं मित्र मंडलियों पर रेड कर सैंपल लेने की प्रक्रिया की गई।
इस दौरान दौरान विभागीय टीम ने देसी घी, मावा और घेवर के कुल 13 सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए सील किया। वहीं कई स्थानों पर साफ-सफाई की खराब व्यवस्था और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर करीब 28 किलो घेवर को मौके पर ही नष्ट कर जमीन में दबवा दिया गया।
सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट लगभग 14 दिन बाद आएगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र यादव ने बताया कि वर्तमान में घेवर का सीजन चल रहा है और शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे अस्थायी शेड लगाकर घेवर बेचा जा रहा है। अधिकांश विक्रेता अपने बोर्ड पर “शुद्ध देसी घी से निर्मित घेवर” लिखकर ग्राहकों को आकर्षित करते हैं।
विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को वही उत्पाद मिले, जिसका दावा विक्रेता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या मिलावटी खाद्य सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान की शुरुआत कोर्ट रोड स्थित हनुमान मंदिर के नजदीक संचालित फौजी घेवर की दुकान से की गई। यहां से विभाग ने तीन अलग-अलग सैंपल लिए। इन सैंपलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सील कर जांच के लिए भेजा गया।