![]()
भिवानी :
खेल के मैदान में अनुशासन, समर्पण और अथक परिश्रम की बदौलत बेटियां हर रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में गांव धनाना की बहु अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज दर्शना घणघस पत्नी संदीप घणघस ने 75वीं ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में अपने दमदार मुक्कों के दम पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उनकी इस स्वर्णिम सफलता से न केवल खेल जगत में खुशी की लहर है, बल्कि क्षेत्र और परिवार का मान भी पूरे देश में बढ़ा है।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद घर लौटने पर दर्शना घणघस का स्वागत किया गया और वरिष्ठ खेल हस्तियों व परिजनों ने उन्हें आशीर्वाद देकर भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पदक विजेता मुक्केबाज दर्शना के दादा ससुर पूर्व चेयरमैन चौधरी दलीप सिंह एवं सुसर साई मुख्य कोच भूपेंद्र सिंह ने दर्शना को जीत की बधाई देते हुए कहा कि बेटियों की मेहनत और लगन आज पूरे समाज के लिए गौरव बन चुकी है। दर्शना ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह निरंतर अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि दर्शना की उपलब्धि ने पूरे परिवार का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। अब समय आ गया है कि इस लय को बरकरार रखते हुए देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य साधा जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि दर्शना अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराकर देश का मान और ऊंचा करेंगी।
दर्शना के ससुर भारतीय खेल प्राधिकरण के चीफ कोच भूपेंद्र सिंह ने दर्शना के खेल कौशल की सराहना करते हुए कहा कि एक खिलाड़ी की असली पहचान दबाव की स्थिति में उसके संयम और तकनीक से होती है। दर्शना ने रिंग में जिस आक्रामकता और रणनीति के साथ मुकाबला लड़ा, वह उनकी कड़ी ट्रेनिंग को दर्शाता है।
यह स्वर्ण पदक सिर्फ एक शुरुआत है, आगे आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में उनसे और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। गौरतलब होगा कि दर्शना का जुड़ाव एक ऐसे परिवार से है जिसकी पहचान ही खेल और अनुशासन से रही है। दर्शना अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर संदीप घणघस की धर्मपत्नी हैं। दर्शना घणघस की इस जीत पर खेल प्रेमियों, क्षेत्रवासियों और परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
दर्शना घणघस की उपलब्धि पर निदेशक डा. जोगिंद्र सिंह, उप निदेशक दीपक पंत, आई.जी. राजपाल सिंह घणघस, द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच जगदीश, चीफ साई कोच भूपिंद्र सिंह, साई प्रभारी बृजभान कोच, पूर्व मंत्री डा. वासुदेव शर्मा, पूर्व विधायक ओमप्रकाश गौरा, पूर्व पार्षद नरेंद्र धौलिया, डा. केसी काजल, अधिवक्ता आजाद सिंह, सेवानिवृत्त प्रवक्ता जगदीप पप्पू शर्मा, डा. फूल सिंह धनाना, डा. महा सिंह, संदीप घणघस, विजय पंचगामा, ठेकेदार रगबीर ठेकेदार सहित अनेक लोगों ने बधाई दी तथा विश्वास जताया कि दर्शना भविष्य मं होने वाली ओलंपिक में भी अपनी प्रतिभा के दम पर गांव, जिला, प्रदेश व देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगी।