![]()
भिवानी
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना शहर पुलिस भिवानी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, घंटाघर शाखा से ₹ 10 लाख की चोरी के मामले में मुख्य आरोपित महिला को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
मामले के संबंध में शिकायतकर्ता नरेश निवासी भिवानी, जो एक कैश मैनेजमेंट कंपनी में कार्यरत हैं, ने थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनांक 16.12. 2024 को वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, घंटाघर शाखा में ₹ 30 लाख नकद जमा करवाने के लिए पहुंचे थे। जब वह एक बैग में रखे ₹ 20 लाख बैंक में जमा करवा रहे थे, उसी दौरान एक महिला दूसरे बैग में रखे ₹ 10 लाख नकद चोरी कर मौके से फरार हो गई। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान थाना शहर भिवानी के मुख्य सिपाही पवन कुमार ने अपनी टीम के साथ प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित महिला को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार महिला की पहचान गोमती पत्नी सुमेर, निवासी कड़िया, जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व पुलिस टीम इस मामले में आरोपित महिला की लड़की को गिरफ्तार कर चुकी है, जिससे ₹ 9,15,000/- की नकदी बरामद की गई थी।
गिरफ्तार आरोपित महिला गोमती को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।