Loading

अंबाला

अंबाला में मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे 4 साल का बच्चा 222 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। धन्यौड़ा गांव निवासी निर्भय (4) अपने पिता के साथ खेत में दादा को खाना देने गया था। इसी दौरान खेलते-खेलते पैर फिसल गया। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए NDRF और सेना की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

बोरवेल में करीब 60 फीट की गहराई से पानी शुरू हो रहा है। रस्सी के सहारे अंडरवॉटर कैमरे उतारे गए हैं। डेढ़ बजे बारिश शुरू होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आई। करीब 11 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमों को कैमरे में बच्चे के हाथ ऊपर की ओर दिखाई दिए, जबकि गर्दन नीचे की तरफ झुकी हुई है।

उसे निकालने के लिए अब तक 15 से ज्यादा बार प्रयास हो चुके हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली। साढ़े चार बजे टीमों ने एक बार फिर नए सिरे से प्रयास शुरू कर किए हैं। अब बोरवेल में 50-50 फीट के एल्युमिनियम के पाइप डाले जा रहे हैं, जिनकी मदद से बच्चे पर पकड़ बनाने की कोशिश होगी।

अंदर जाकर ये पाइप खुल जाएंगे, ताकि बच्चा इसमें फंस जाए, और उसे बाहर निकाला जा सके। टीमों का प्लान बी भी रेडी है। कहना है कि अगर एल्युमिनियम वाले पाइप का एक्सपेरिमेंट सफल न हुआ तो इस बोरवेल के बगल में नया बोर किया जाएगा। बताया जा रहा है कि हाई स्पीड मशीन 2 से 3 घंटे में 222 फीट तक बोरिंग कर सकती है।