![]()
भिवानी:
गर्मी के बीच भिवानी शहर की विभिन्न कॉलोनियों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पानी की किल्लत से तंग आकर वीरवार को वार्ड नंबर-27 स्थित चूहड़ सिंह की बाजारी, कितान पाना, मुरारीलाल की गली, ढ्गयान गली, मोड्यान गली के निवासियों ने एकत्रित होकर सडक़ों पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने वार्ड नंबर-27 के पार्षद गोविंदराम शर्मा उर्फ बिल्लू बादशाह के नेतृत्व में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया तथा जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से पीने के पानी की किल्लत की समस्या से जूझने के बावजूद संबंधित विभाग और जिला प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो मजबूरन उन्हें सडक़ों पर उतरना पड़ा।
इस मौके पर पार्षद गोविंदराम शर्मा उर्फ बिल्लू बादशाह ने बताया कि उनके वार्ड के उपरोक्त क्षेत्रों में पिछले करीबन दो वर्षो से पेयजल की समस्या बनी हुई है। जिसके चलते क्षेत्रवासी खासे परेशान है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में कई-कई सप्ताह तक पानी की आपूर्ति नहीं होती। पानी की बूंद-बूंद के लिए मोहल्ले के लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।
पार्षद बिल्लू बादशाह ने कहा कि उनके क्षेत्र में पानी महम रोड़ स्थित पुराने जलघर से सप्लाई होती है। लेकिन पिछले करीबन दो वर्षो से उनके क्षेत्र के हिस्से का पानी महम रोड़ पर नई बस्ती तथा जिला कारागार में सप्लाई में किया जाता है। जिसके चलते क्षेत्रवासी पानी की गंभीर समस्या का सामना कर रहे है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए वे कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायतें कर चुके है, लेकिन हर बार केवल खोखले आश्वासन ही मिले। उन्होंने कहा कि बीते दिनों चीफ इंजीनियर चंडीगढ़ जसवंत सिंह नरवाल ने भी पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए थे, लेकिन इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
ऐसा महसूस होता है कि प्रशासन हमारी इस गंभीर समस्या को पूरी तरह अनदेखा कर रहा है। यदि जल्द पेयजल की नियमित आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो क्षेत्रवासियों से अनिश्चितकालीन धरना देने और शहर के मुख्य मार्गों को जाम करने के लिए विवश होंगे।
पार्षद बिल्लू बादशाह ने कहा कि शहर में पेयजल की कोई कमी नहीं है। वे स्वयं पुराने जलघर में जाकर मुआयना करते है तथा देखते है कि जलघर के सभी टैंक भरे है। लेकिन इसके बावजूद भी शहर में पेयजल की सप्लाई नहीं की जा रही।
उन्होंने कहा कि पेयजल से परेशान वार्डवासी रोजाना उनके घर आते है तथा वे वार्डवासियों के वोट लेने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं कर पा रहे, क्योंकि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आमजन की समस्याओं से मुंह फेरे बैठे है। उन्होंने मांग की कि उनके वार्ड में होने वाली पेयजल सप्लाई महम रोड़ जलघर से हटाकर डाबकर कॉलोनी जलघर से जोड़ी जाए, जिससे उनकी पेयजल समस्या का तकरीबन समाधान हो जाएगा।