![]()
पानीपत से महिला XEN के बेटे का किडनैप करके भाग रहे किडनैपरों का पानीपत पुलिस ने रोहतक में एनकाउंटर कर दिया। दोनों ओर से 11 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पैरों में गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक आरोपी की गर्लफ्रेंड को भी मौके से अरेस्ट किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पानीपत थर्मल प्लांट की महिला XEN सुनीता के पति समीर DGM है, जोकि जयपुर में पोस्टेड है। शुक्रवार को इन आरोपियों ने पानीपत में एक्सईएन के सरकारी आवास से उनके 12 वर्षीय बेटे को किडनैप कर लिया था और डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी थी। इसके बाद से ही पानीपत सीआईए-2, गोहाना पुलिस और रोहतक सदर थाना पुलिस इनके पीछे लगी हुई थी।
अपहरणकर्ता पानीपत नंबर की डिजायर गाड़ी में बच्चे को लेकर भाग रहे थे। रोहतक में खुद को घिरता देख तीनों ने बच्चे को गाड़ी से नीचे फेंक दिया। इसमें बच्चा भी घायल हो गया। उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया है। एक छात्र भी इस साजिश में शामिल है। उधर, 11 घंटे के अंदर ही वारदात का खुलासा करने पर डीजीपी अजय सिंघल ने ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीमों को ₹1 लाख नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की।